प्रदेशमध्यप्रदेश

सीएम मोहन यादव ने सुंदरलाल पटवा को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और प्रशासनिक कार्यशैली को याद किया। उन्होंने कहा कि सुंदरलाल पटवा कुशल संगठनकर्ता थे। उनका सरल, सहज और मस्तमौला स्वभाव सभी को प्रभावित करता था। संगठन के शुरुआती दौर से ही उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली से अलग पहचान बनाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुंदरलाल पटवा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने संगठन का संचालन पूरी आत्मीयता और समर्पण के साथ किया। प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में भी अपने निर्णयों और कार्यशैली से विशिष्ट पहचान बनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका पटवा जी से व्यक्तिगत परिचय रहा है। वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।

वीआईपी रोड निर्माण में पटवा की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने भोपाल की वीआईपी रोड के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि इसके निर्माण के लिए स्व. बाबूलाल गौर को खुली छूट देने में सुंदरलाल पटवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वीआईपी रोड के निर्माण में पटवा और गौर की जोड़ी का बड़ा योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और सरकार हमेशा सुंदरलाल पटवा के योगदान को याद करती रहेगी। उनकी जनसेवा और विकास की सोच से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार आगे बढ़ती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवा जी ने जनसेवा और विकास का जो मार्ग दिखाया, उस पर सरकार दृढ़ता के साथ निरंतर काम करती रहेगी।

विधानसभा में पटवा के जन्मदिवस पर पुष्पांजलि कार्यक्रम
वहीं, पद्म विभूषण से सम्मानित, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, विधायक सुरेंद्र पटवा और भगवानदास सबनानी ने स्व. पटवा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्व. पटवा के परिजन, विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा सहित विधानसभा के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button