अपराध

यूपी: क्रिकेट खेलकर घर जा रहे युवक पर हमला, बचाने गए पिता की चाकू घोंपकर हत्या

सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में शनिवार की शाम बेटे गणेश को बचाने आए पिता रामलाल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने मां और बहन को भी जख्मी कर दिया। घायलों को बांसी अस्पताल ले जाया गया, जहां स्थिति गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस गणेश की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम पांच बजे गणेश क्रिकेट खेलकर दोस्तों संग घर वापस जा रहा था। आरोप है कि गांव के ही मुकेश, तीरथ और तुफानी ने उसे रोक लिया। उस पर धारदार हथियार और कट्टा से हमला कर दिया।

गणेश ने बताया कि यह देख पिता बचाने आए। आरोपी ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बीच-बचाव करने आई मां और बहन पर भी चाकू से वार कर दिया। आरोप है कि हमले के बाद बहन को भी अगवा कर लिया।

जाते हुए धमकी दी कि अगर किसी ने पीछा किया तो उसे गोली मार देगा। घायलों को इलाज के लिए बांसी अस्पताल भेजा गया। जहां प्राथमिक उपाचार के बाद सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां स्थिति गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में हुई घटना के मामले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उसकी पत्नी और बेटी को गंभीर हाल में बांसी अस्पताल ले गए। बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है। उसकी तलाश के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button