Main Sliderउत्तराखंडप्रदेश

राष्ट्रीय खेल…संविदा पर नियुक्त 279 कोचों की 15 अप्रैल से होगी बहाली, वेतन का हो रहा इंतजाम

38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान राज्यभर में संविदा पर नियुक्त 279 कोच 15 अप्रैल से बहाल कर दिए जाएंगे। बजट की कमी के कारण इन कोचों के वेतन पर संकट मंडरा रहा था, लेकिन सरकार और विभाग ने अन्य विभागों के बचे बजट से वेतन देने का प्रयास शुरू कर दिया है।

बजट की कमी के कारण राज्य की खेल तैयारियों पर बुरा असर पड़ने की आशंका के चलते अन्य विभागों का बचा बजट लिया जा रहा है। फिलहाल 20 करोड़ रुपये का इंतजाम होने की बात कही जा रही है। बता दें कि राष्ट्रीय खेलों से पहले इन सभी कोच के वेतन के लिए 2025-26 के बजट के लिए 11 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे, लेकिन मिले केवल 10 लाख रुपये। 28 फरवरी को सभी कोचों की सेवाओं को एक महीने का ब्रेक दे दिया गया था। उन्हें फिर से बहाल करके वेतन का इंतजाम करने का दावा किया जा रहा है।

राष्ट्रीय खेलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके सभी कोच तय संविदा के अनुसार 15 अप्रैल से बहाल हो जाएंगे। यह सही है कि अभी उनके लिए बजट का प्रावधान नहीं हो सका है, जिससे हो सकता है कि वेतन मिलने में कुछ देरी हो, लेकिन जल्द ही उनका वेतन अन्य विभागों के बचे बजट से देने का प्रयास किया जा रहा है। उसके बाद अनुपूरक बजट मिल जाएगा। राज्य में कई खेल गतिविधियां जारी हैं और आगे कई प्रतियोगिताएं होनी हैं, उनकी तैयारी में हमारे सभी कोच सक्रिय भूमिका में रहेंगे। – अमित सिन्हा, विशेष प्रमुख सचिव, खेल एवं युवा कल्याण

 

Related Articles

Back to top button