
बांग्लादेश के खिलाफ 3 नवंबर से होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। नियमित कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है। विराट कोहली की जगह रोहित शर्मा को टीम की कप्तानी मिली है, जो शॉर्ट फॉर्मेट में टीम इंडिया के उपकप्तान हैं। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की टीम में चार साल के बाद वापसी हुई है।

दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू सैमसन को बांग्लादेश के खिलाफ चयनकर्ताओं ने टीम में जगह दी है। केरल के लिए विजय हजारे ट्रॉफी खेलते हुए संजू सैमसन ने तूफानी दोहरा शतक ठोका था। संजू सैमसन के अलावा रिषभ पंत भी बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टीम का हिस्सा हैं, लेकिन संजू सैमसन को उनकी शानदार फॉर्म की वजह से टीम में मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, ये सब नवंबर के पहले हफ्ते में तय होना है।
संजू सैमसन ने एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच भारतीय टीम के लिए साल 2015 में खेला था। उस समय भारतीय टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे थे। रहाणे की कप्तानी में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम को उस मुकाबले में 10 रन से हार मिली थी, जिसमें सैमसन ने 24 गेंदों में एक चौके की मदद से 19 रन बनाए थे और आउट हो गए थे। संजू सैमसन आइपीएल में दो शतक ठोक चुके हैं।
दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू सैमसन ने केरल के लिए खेलते हुए गोवा के खिलाफ 129 गेंदों में 212 रन की पारी खेली थी, जिसमें 21 चौके और 10 छक्के शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइकरेट 164.34 का रहा था। लिस्ट ए क्रिकेट में भारत के लिए ये सबसे तेज दोहरा शतक था। यहां तक कि वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक ठोकने वाले रोहित शर्मा भी इतनी तेज रन नहीं बना पाए हैं।
शिवम दुबे को मिला मौका
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण भारतीय टीम से बाहर हैं। ऐसे में मुंबई के ही एक ऑलराउंडर शिवम दुबे को टीम में जगह मिली है।
भारतीय टीम इस प्रकार है
रोहित शर्मा(कप्तान), शिखर धवन, केएल राहुल, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, रिषभ पंत(विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, कृणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, दीपक चाहर, खलील अहमद, शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर।