हजारीबाग में CM रघुवर दास की जोहार जन आशीर्वाद यात्रा, BJP कार्यकर्ताओं में भारी उत्‍साह

विधानसभा चुनाव की पुख्‍ता तैयारियों में जुटे मुख्‍यमंत्री रघुवर दास अपनी जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के साथ सोमवार को हजारीबाग पहुंच गए हैं। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्‍वागत किया। यहां कोर्रा चौक, मेरू, झुमरा, करियातपुर, बरकट्ठा और बेड़ोकला में वे जनसभा कर जनता को अपने काम का हिसाब दे रहे हैं। सीएम ने यहां झारखंड में एक बार फिर से डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया।

सीएम रघुवर दास ने झुमरा में अपने संबोधन में राज्‍य की भाजपा सरकार की उप‍लब्धियां गिनाते हुए कहा कि यहां की सवा तीन करोड़ जनता के लिए तमाम कल्‍याणकारी योजनाएं शुरू की गई है। पांच साल की स्‍थायी सरकार का फायदा बताते हुए कहा कि मजबूत सरकार के कारण ही झारखंड के विकास की चहुंओर चर्चा हो रही है। उन्‍होंने उज्‍ज्‍वला योजना, सखी मंडलों के जरिये महिलाओं के जीवन स्‍तर में बदलाव के बारे में बताया।

आयुष्‍मान योजना और किसानों के लिए चलाए जा रहे कृषि आशीर्वाद योजना का नाम लेते हुए कहा कि इससे हमारा समाज सबल बनेगा। किसानों की माली हालत सुधरेगी। आयुष्‍मान से गरीबों की गंभीर बीमारियों का इलाज सुलभ हुआ है। अपनी जन आशीर्वाद यात्रा के क्रम में सीएम बरकट्ठा पहुंचे। यहां भी सीएम के रोड शो में भारी संख्या में लोग जुटे। भीड़ को देख उत्साहित मुख्यमंत्री ने जनता से विधानसभा मेें भाजपा को फिर से जीत दिलाने की अपील की।