हिंडन एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए भी उड़ान जल्द ,दिल्ली को होगा फायदा 

देश की राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Indira Gandhi International Airport) के बाद दिल्ली एनसीआर के दूसरे एयरपोर्ट हिंडन पर उद्घाटन के सात माह बाद शुक्रवार को पहले विमान ने उड़ान भरी। विमान दोपहर 2:20 बजे हिंडन से रवाना हुआ।

बताया जा रहा है कि जल्द ही पिथौरागढ़ के लिए एक और उड़ान शुरू हो सकती है। यात्रियों को एक दिन में दो उड़ान मिलेंगी। इसके बाद हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला भी हिंडन एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। शिमला के लिए नवंबर अंत अथवा दिसंबर की शुरुआत में एयर हेरिटेज उड़ान शुरू करेगा।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित माथुर ने बताया कि उन्हें हिंडन से पिथौरागढ़ के लिए एक और फ्लाइट एक माह के अंदर शुरू करने का लक्ष्य है। वहीं शिमला के लिए दिसंबर तक हर हाल में एक फ्लाइट शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि कर्नाटक के हुबली के लिए छह नवंबर से फ्लाइट शुरू हो रही है। इसके लिए टिकट बुकिंग स्टार एयर की वेबसाइट पर जारी है।

इन शहरों के लिए भी जल्द शुरू होगी विमान यात्रा की सुविधा

हैरिटेज एविएशन के सीईओ रोहित माथुर के मुताबिक, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के लिए पहली सफल उड़ान के बाद अब कंपनी ने फैजाबाद (अयोध्या), देहरादून, शिमला, देहरादून, हुबली, गुलबर्गा, नासिक, लखनऊ, कुन्नूर, के लिए विमान सेवाएं शुरू करने की योजना है।

14-16 घंटे का सफर महज एक घंटे में

वहीं, शुक्रवार को पिथौरागढ़ से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों ने सफर को बेहद शानदार बताया। पिथौरागढ़ निवासी महेश सिंह ने बताया कि बिजनेस के सिलसिले में अक्सर दिल्ली आना होता है। हर बार खतरों और परेशानियों भरा 14-16 घंटे का सफर तय करना पड़ता है। विश्वास नहीं हो रहा कि महज एक घंटे में यहां पहुंच गए हैं।

रोका गया ट्रैफिक, लग गया जाम

सीएम त्रिवेंद्र रावत व अन्य मंत्रियों के आने के दौरान सिकंदरपुर कट पर ट्रैफिक को रोक दिया गया। इस दौरान भोपुरा रोड पर लंबा जाम लग गया। हालांकि, करीब दस मिनट बाद ट्रैफिक खोल दिया गया।

हिंडन से इन यात्रियों ने किया पिथौरागढ़ का सफर

  1. अंजु बाला
  2. रीना हुसैन
  3. ओपी खरबंदा
  4. सीमा खरबंदा
  5. किशोर पाहवा
  6. नावेद कुरैशी
  7. सौरभ सिन्हा
  8. गुंजन सिन्हा
  9. पवन तिवारी

पिथौरागढ़ से हिंडन पहुंचे ये यात्री

  1. मुकुल मेहता
  2. जोश
  3. रेखा
  4. ललित
  5. हर्षवर्धन
  6. राजेश सिंह
  7. महेंद्र सिंह
  8.  रीता

दिल्ली के रहने वाले ओपी खरबंदा व सीमा खरबंदा का कहना है कि घूमने का प्लान बना रहे थे, तभी पता चला कि महज एक घंटे में पिथौरागढ़ जा सकते हैं। तुरंत टिकट बुक करवा लिया। बहुत अच्छी सुविधा है। सरकार को इसके लिए धन्यवाद।

वहीं, रीना हुसैन (दिल्ली) की मानें तो अब तक 15 घंटे की यात्रा के बाद पिथौरागढ़ पहुंचते थे। अच्छा लग रहा है कि एक घंटे में सफर पूरा हो सकेगा।