राजद और जदयू की ओर से स्‍टार प्रचारकों की सूची बुधवार को जारी कर दी गई

बिहार में पांच सीटों पर विधानसभा का उपचुनाव होगा। नाथनगर, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, बेलहर तथा किशनगंज विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों के सांसद बन जाने के बाद ये सीटें खाली हो गई हैं। इन सीटों पर 21 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 24 अक्टूबर को काउंटिंग होगी। उसी दिन रिजल्‍ट भी आ जाएगा। बिहार के तमाम दलों ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। इसे लेकर बुधवार को राष्‍ट्रीय जनता दल और जनता दल यू ने अपने-अपने स्‍टार प्रचारकों की सूची जारी की है। राजद ने सजायाफ्ता पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की पत्‍नी हिना शहाब पर फिर भरोसा जताया है, जबकि जदयू को पॉलिटिक्‍स में पीके के नाम से फेमस प्रशांत किशोर से उम्‍मीद है।

राजद ने जारी की सूची

जानकारी के अनुसार, राजद ने बुधवार को स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इस सूची में पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव, पूर्व स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री तेजप्रताप यादव, राज्‍यसभा सांसद मीसा भारती के रमई राम, शरद यादव व उदय नारायण यादव को शामिल किया है। इसके अलावा राजद ने सिवान के पूर्व सांसद व सजायाफ्ता शहाबुद्दीन की पत्‍नी हिना शहाब को भी अपना स्‍टार प्रचारक फिर से बनाया है।

जदयू ने भी जारी की सूची

वहीं, जदयू ने भी बुधवार को अपने स्‍टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। जदयू ने अपने राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष प्रशांत किशोर पर भरोसा जताया है। प्रशांत किशोर के अलावा जदयू ने स्‍टार प्रचारकों की सूची में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश अध्‍यक्ष बशिष्‍ठ नारायण सिंह, राज्‍यसभा सांसद आरसीपी सिंह व मुख्‍य प्रवक्‍ता संजय सिंह को शामिल किया गया है।

यहां होंगे उपचुनाव

बता दें कि एनडीए की ओर से पांच सीटों में से चार सीटें क्रमश: नाथनगर, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा व बेलहर जदयू कोटे में तथा किशनगंज भाजपा कोटे में गयी है। इसी तरह, महागठबंधन की ओर से किशनगंज सीट कांग्रेस के कोटे में गयी है, वहीं बाकी सीटें राजद के खाते में। हालांकि महागठबंधन में रहते हुए सिमरी बखितयारपुर से वीआइपी और नाथनगर से हम ने अपना उम्‍मीदवार उतार दिया है।