लिंग परिवर्तन के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने बरती लापरवाही, ट्रांस जेंडर की मौत

शहर के सरकारी सुपर स्पेशिलिटी डीकेएस अस्पताल में डॉक्टरों की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां लिंग परिवर्तन का ऑपरेशन करा रही एक ट्रांस जेंडर की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन में लापरवाही बरती और मरीज की लगातार उपेक्षा करते रहे।

इस दौरान आयुष्मान योजना के तरह फ्री में उपचार होना था, लेकिन परिजनों से दवा और अन्य शुल्क भी वसूले गए। बताया जा रहा है कि मृत ट्रांसजेंडर को ऑपरेशन के बाद यहां रूटीन जांच के लिए लाया गया था। इसी बीच उसे तकलीफ बढ़ने लगी। उसे आईसीयू में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका का नाम माया नारायण बताया गया है जो बिलासपुर की रहने वाली थी।

परिजनों ने बताया कि माया का जेंडर चेंज के लिए ऑपरेशन हुआ था। उसे रूटीन जांच के लिए अस्पताल लाए थे। इसके बाद 6 अक्टूबर को उसका एक अन्य ऑपरेशन होना था, जिसमें यूरिन नली को निकाल कर उसे सिस्टमेटिक करना था, लेकिन डॉक्टरों ने लगातार लापरवाही बरती। इस वजह से मरीज की अतड़ी में इंफेक्शन के चलते पानी भर गया। उसका यूरिन भी कई घंटों से पास नहीं हो रहा था।

मरीज इस दौरान बेतहाशा पीड़ा से लगातार तड़पती रही और डॉक्टर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। देर रात मरीज ने आखिरकार दम तोड़ दिया। मृतका की मां ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत यह ऑपरेशन हुआ था, लेकिन डीकेएस अस्पताल में उनसे दवा और अन्य शुल्क के रूप में पैसे भी लिए गए। इसके अलावा डॉक्टर लगातार मरीज की उपेक्षा कर रहे थे।

बता दें कि राज्य में परिवार एवं समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ट्रांस जेंडरों के लिंग चयन और ऑपरेशन की सुविधा सरकार द्वारा दी जा रही है, लेकिन डॉक्टरों की यह लापरवाही सामने आने के बाद अब सरकार की इस योजना पर भी सवाल उठ रहे हैं।