Jharkhand Assembly Election 2019: एक परिवार की भक्ति में कांग्रेस ने शहीदों को भुला दिया – सीएम रघुवर बोले

Jharkhand Assembly Election 2019 – मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के क्रम में एक बार फिर कांग्रेस और झामुमो पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक परिवार की भक्ति में कांग्रेस पार्टी ने हमारे शहीदों को भुला दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार आदिवासी वीर शहीदों के सपनों के झारखंड के निर्माण में जुटी है। वे शनिवार को लातेहार में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले लातेहार में उग्रवाद की भीषण समस्या थी।

पिछले पांच साल में हमारे जवानों ने सरकार के साथ मिलकर उग्रवाद पर करारा प्रहार किया है। अब इस क्षेत्र में अमन और चैन है। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गांव-गांव, घर-घर तक बिजली पहुंचाई। गांव में स्ट्रीट लाइटें लग रही हैं। किसानों के लिए बिजली का अलग फीडर बन रहा है। पूर्ववर्ती झामुमो की सरकार ने कभी विकास की चिंता नहीं की।

उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया मिशन से झारखंड के लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। पीएम मोदी की इस पहल ने लाखों युवाओं की जिंदगी बदली है। आज झारखंड के युवा हुनरमंद बनकर अपना स्वरोजगार शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर राज्य की संसाधनों को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड देश के 40 फीसद से ज्यादा प्राकृतिक संसाधानों का मालिक है लेकिन जनता को विकास के नाम सिर्फ धोखा दिया है।