
Cyclone Hikaa: चक्रवाती तूफान हिका ने अब विकराल रूप ले लिया है। प्रचंड आंधी के साथ यह तीव्र वेग में मंगलवार रात ओमान तट से गुजरेगा। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने गुजरात के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया है, ‘वैसे हिका के गुजरात की ओर आने की आशंका नहीं है लेकिन इसका कुछ असर यहां दिखेगा और काफी तेज हवा चलेगी।’ बुलेटिन के अनुसार, ‘यह तूफान अगले 6 घंटे तक अपनी रफ्तार बरकरार रखेगा उसके बाद यह कमजोर होगा।’ रविवार सुबह उत्तर पूर्व और उससे लगे पूर्व मध्य अरब सागर में गहरे दबाव का क्षेत्र बनने से चक्रवाती तूफान हिका पश्चिम की ओर थोड़ा आगे बढ़ने के बाद मजबूत हो गया।

मौसम विभाग ने बताया, ‘हिका 22 किमी प्रति घंटे की स्पीड से पश्चिम की दिशा में आगे बढ़ रहा है।’ विभाग ने कहा, ‘गहरे दबाव के कारण बुधवार को तड़के उसके पश्चिम की ओर थोड़ा आगे बढ़ने और 19 डिग्री उत्तर और 20 डिग्री उत्तर के बीच ओमान तट को पार करने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान उसके और तेज होने तथा फिर क्रमिक ढंग से कमजोर होने की संभावना है।’