कुलदीप और चहल भविष्य की टीम का अभिन्न हिस्सा: एमएसके प्रसाद

बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा कि वेस्टइंडीज के साथ हुई टी-20 के लिए टीम में शामिल किए गए राहुल चाहर के कारण भारतीय टीम के स्पिन अटैक में विविधता आई है. चाहर ने रवींद्र जडेजा और क्रुणाल पंड्या के साथ शानदार तिकड़ी बनाई और टीम को सफलता दिलाई.

ऐसे में जबकि टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन अगले साल होना है, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव जैसे स्टार स्पिनरों को युवाओं से टफ कम्पटीशन का सामना करना पड़ रहा है. प्रसाद ने हालांकि कहा कि कुलदीप और चहल भविष्य की टीम का अभिन्न हिस्सा हैं.

प्रसाद ने कहा, ‘हम ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए स्पिन विभाग में वेराइटी लाने के लिए युवाओं को अधिक से अधिक मौका देना चाहते हैं. बीते दो वर्षों में कुलदीप और चहल ने छोटे प्रारूप में शानदार प्रदर्शन किया है. वे निश्चित तौर पर रेस में शामिल हैं, लेकिन हमारे पास कुछ और युवा खिलाड़ी हैं, जिन्हें हम आजमाना चाहते हैं.’