सोनाक्षी सिन्हा को ‘दबंग 3’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार

मिशन मंगल’ की बड़ी कामयाबी से बेहद खुश सोनाक्षी सिन्हा को अब ‘दबंग 3’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है. इस साल के अंत में यानी 20 दिसंबर को रिलीज होने जा रही ‘दबंग 3’ सोनाक्षी की इस साल की चौथी और आखिरी रिलीज भी होगी. इस साल सोनाक्षी की ‘खानदानी शफाखाना’, ‘कलंक’ और ‘मिशन मंगल’ रिलीज हो चुकी हैं.

उल्लेखनीय है कि नौ साल पहले यानी‌ 10 सितम्बर, 2010 को आज ही के दिन सुपरस्टार सलमान खान के साथ सोनाक्षी सिन्हा की डेब्यू फ़िल्म‌ ‘दबंग’ रिलीज हुई थी, जिसकी कामयाबी ने सोनाक्षी की जिंदगी को हमेशा-हमेशा के लिए बदलकर रख दिया.

मुम्बई में आज हुए एक फ़ैशन इवेंट में, अपनी पहली फिल्म ‘दबंग’ की रिलीज के नौ साल पूरे होने के मौके पर सोनाक्षी ने कहा, ‘फिल्म ‘दबंग’ मेरे लिए बेहद स्पेशल फिल्म है. उल्लेखनीय है कि आज ‘दबंग’ की नौंवीं एनिवर्सरी है. इंडस्ट्री में मेरी जर्नी का ये नौवां साल है,‌’दबंग’ का नौवां साल है. मैं बेहद खुश हूं कि हम जल्द ही फिल्म के पार्ट 3 के साथ भी आ रहे हैं.”