
विदेश मंत्रालय ने जम्मू और कश्मीर को लेकर दिए गए चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान को खारिज कर दिया है। सोमवार को चीन के विदेश मंत्री पाकिस्तान की यात्रा पर पहुंचे थे। जिसके बाद दोनों ने संयुक्त बयान जारी किया था। इस बयान को खारिज करते हुए विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है।

मंत्रालय ने कहा, ‘दूसरी तरफ भारत ने दोनों चीन और पाकिस्तान के तथाकथित ‘चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे’ की परियोजनाओं को लेकर लगातार चिंता व्यक्त की है। यह परियोजना भारत के क्षेत्र पर चल रही है जिसपर पाकिस्तान ने 1947 से अवैध कब्जा किया हुआ है।’
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि, ‘भारत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में किसी अन्य देश के हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करेगा और हम यहां कि यथास्थिति को लेकर स्पष्ट हैं। यदि कोई तीसरा देश इसमें हस्तक्षेप की कोशिश करता है तो हम आवश्यक कदम उठाएंगे।’