गुलशन कुमार की बायोपिक में आमिर खान ने काम करने के लिए हामी भर दी

साल 2018 से ही गुलशन कुमार की बायोपिक बनने को लेकर खूब चर्चा चल रही है. पहले फिल्म में आमिर खान के काम करने की चर्चा थी मगर बाद में सुनने में आया कि आमिर खान ने फिल्म में काम करने से मना कर दिया है. आमिर द्वारा फिल्म छोड़ने के बाद इसमें शाहरुख खान के काम करने की खबरें सामने आईं जो अफवाह मात्र बन कर रह गईं. अब खबर है कि आमिर खान ने फिर से फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी है. साथ ही उन्होंने इस बात का खुलासा भी किया है कि वे इस प्रोजेक्ट से क्यों अलग हुए थे.

आमिर ने कहा- “किरण और मैं मोगुल का निर्माण कर रहे थे और मैं फिल्म में एक्टिंग भी कर रहा था. जब हम फिल्म कर रहे थे तब हमें इस बारे में नहीं पता था कि फिल्म के निर्देशक सुभाष कपूर के खिलाफ केस चल रहा है. मेरे हिसाब से उनका केस 5-6 साल पुराना था. मगर जब पिछले साल मीटू मूवमेंट शुरू हुआ तो उनका केस एक बार फिर से सामने आ गया. इसके बाद हम दोनों ही काफी डिस्टर्ब्ड हो गए थे. मुझे और किरण को करीब एक हफ्ते तक ये समझ में नहीं आया था कि क्या करना है.”