
मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर बधाई देते हुए सरकार की तारीफ की है. सज्जन सिंह वर्मा ने कहा है कि हम दूसरे कार्यकाल में 100 दिन पूरे करने पर मोदी सरकार को बधाई देते हैं. चाहते हैं कि सरकार पांच वर्ष पूरे करे, फिर चाहे वह केंद्र की सरकार हो या प्रदेश की.

पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मीडिया से कहा है कि मोदी सरकार ने अच्छा कार्य किया है. हालांकि उन्होंने आर्थिक मोर्चे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ भी लिया. वर्मा ने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर केंद्र सरकार बुरी तरह नाकाम रही है. वहीं, केंद्र में मोदी सरकार के 100 दिन पूरे पर आज भारत सरकार ने ‘जन कनेक्ट’ नाम से बुकलेट जारी की है.
इस बुकलेट में मोदी सरकार ने दूसरी बार सरकार में आने के बाद किस तरह से व्यापक असर वाले फैसले लिए है, उनकी पूरी जानकारी दी गई है. मोदी सरकार में सूचना प्रसारण और पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर बुकलेट जारी करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था में आई मंदी कोई चिंता का विषय नहीं है, इसका कोई अधिक व्यापक असर नहीं पड़ने वाला है.