हालत स्थिर : बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की

बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की हालत स्थिर है। उनको सांस लेने में तकलीफ व रक्तचाप चिंताजनक स्थिति तक गिर जाने के बाद शुक्रवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बुद्धदेव (75) कुछ समय से क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) से पीडि़त हैं। शुक्रवार दोपहर को उनका रक्तचाप भी काफी कम था। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया-‘भट्टाचार्य की हालत में काफी सुधार आया है। उनकी हालत अब स्थिर है। उनके कई टेस्ट किए गए। विशेषज्ञ डॉक्टरों का आठ सदस्यीय दल उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहा है।’

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को उन्हें देखने अस्पताल गईं और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल जगदीप धनखड़ भी उन्हें देखने अस्पताल गए। शनिवार को भी उनका हालचाल जानने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। गौरतलब है कि बुद्धदेव 2000 से 2011 तक बंगाल के मुख्यमंत्री रहे।