पाकिस्‍तान: अपने ही देश में रेल मंत्री शेख राशिद पर लगा बैन, जानें पूरा मामला

अब तक केवल भारत के खिलाफ बोलने वाले पाकिस्‍तानी रेल मंत्री शेख राशिद के बोल खुद पर ही भारी पड़ गया। नेशनल प्रेस क्‍लब (NPC) में रेल मंत्री शेख राशिद के कवरेज व प्रवेश पर अस्‍थायी तौर पर रोक लगा दी गई है। डॉन के अनुसार, उनपर एक पत्रकार के अपमान का आरोप है जिसका कैंसर के लिए इलाज किया जा रहा है।

एनपीसी अध्‍यक्ष शकील करार की जियो टीवी वीडियो पत्रकार नसीर से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया गया। कैंसर पीड़ित पत्रकार का इलाज रावलपिंडी स्‍थित बेनजीर भुट्टो अस्‍पताल में किया जा रहा है। प्रेस क्‍लब ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी।

रिलीज के अनुसार, नसीर ने शकील करार को बताया कि हाल ही में राशिद अस्‍पताल दौरे पर थे तभी एक स्‍थानीय पत्रकार ने उनका ध्‍यान नसीर की ओर दिलाया। इसपर रेल मंत्री ने आपत्‍तिजनक शब्‍दों का इस्‍तेमाल किया जिससे नसीर की भावनाओं को चोट पहुंची।

इसके बाद ही रावलपिंडी और इस्‍लामाबाद में राशिद के कवरेज व प्रेस क्‍लब में एक हफ्ते के लिए प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया गया। हालांकि एनपीसी ने राशिद द्वारा बोले गए आपत्‍तिजनक शब्‍दों का खुलासा नहीं किया। प्रेस क्‍लब ने रिपोर्टरों, फोटो व वीडियो जर्नलिस्‍ट से इस फैसले को मानने की अपील की है।

इससे मिलता जुलता एक वाकया पिछले साल का भी है। रेलमंत्री के पद पर शेख राशिद की नियुक्‍ति नई ही थी। उनसे मिलने पहुंची एक बुजुर्ग महिला के साथ उन्‍होंने दुर्व्‍यवहार किया था। साथ ही इस घटना की रिकॉर्डिंग करने का प्रयास कर रहे पत्रकार का मोबाइल छीन कर तोड़ दिया था।

कश्‍मीर को लेकर भारत के फैसले से बौखलाए पाकिस्‍तान की ओर से हर दिन नए नए बयानों के साथ उनकी अजीबो गरीब करतूत की सूचना मिल रही है। इस क्रम में शेख राशिद भी पीछे नहीं हैं। हाल में ही उन्‍होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी दे डाली। हालांकि इसके लिए उन्‍हें लंदन में घूंसे मारे गए और उन पर अंडे फेंके गए। अपने विवादित बयानों में हमेशा चर्चा में रहने वाले शेख राशिद अवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख हैं।