
कश्मीर मुद्दे पर हार से बौखलाया पाकिस्तान बार-बार भारत को युद्ध की धमकी देने में इनदिनों लगा हुआ है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान बार-बार परमाणु हमले की धमकी दे रहे हैं तो पाकिस्तान के रेलवे मिनिस्टर अक्टूबर-नवंबर तक भारत-पाक जंग की उम्मीद तक जता दे रहे हैं।इमरान के मंत्री शेख रशीद ने युद्ध की तारीख का ऐलान करते हुए कहा कि अक्टूबर-नवंबर महीने में जंग होगी।

लेकिन भारत को युद्ध की धमकियां देने वाला पाकिस्तान इनदिनों मक्खियों से जंग लड़ रहा है और इसमें हार भी रहा है। ये हाल पाकिस्तान के किसी छोटे-बड़े शहर नहीं बल्कि उसका बिजनेस हब कहे जाने वाले कराची का है। कराची शहर को मक्खियों के आतंक का सामना करना पड़ रहा है।
कराची में मक्खियों की तादाद बढ़ी
यहां लोग किसी तरह इससे छुटाकारा पाना चाहते हैं। कराची शहर में नालों का गंदा पानी, बारिश और बकरीद की कुर्बानियों के बाद सड़कों की हालत खराब है। पाकिस्तानी टीवी चैनल खुद इसका लगातार कवरेज चला रहे हैं। यहां युद्ध ऐसी स्थिति पैदा हो गई है लेकिन पाकिस्तान की ये जंग मक्खियों से हो रही है और वह घर की इन मक्खियों से जंग हार रहा है।
पाकिस्तान टीवी चैनल ARY की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कराची शहर में लगातार मक्खियों की तादाद बढ़ती जा रही है। कराची शहर पर भिनभिनाती मक्खियों ने लोगों का उठना-बैठना और खाना-पानी मुहाल कर दिया है। लेकिन पाकिस्तान की सरकार और प्रशासन इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। पाकिस्तान के मंत्री अक्टूबर में भारत से जंग की धमकी दे रहे हैं जबकि अगस्त में उनके ही मुल्क के एक शहर में मक्खियों से जंग की बात वो भूल जाते हैं।