अगले कुछ घंटों में बदलेगा दिल्ली-NCR का मौसम, 2 दिन तेज बारिश का अलर्ट

पिछले कुछ दिनों से चल रही रिकॉर्ड तोड़ उमस भरी गर्मी के बीच शुक्रवार शाम से दिल्ली-एनसीआर (National Capital Region) का मौसम बदलेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के पूर्वानुमान के मुताबिक, बादल छाएंगे और हल्की बारिश भी शुरू हो सकती है। इसके बाद शनिवार और रविवार को तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक,  इससे उमस भी कम होगी और तापमान भी। दो तीन दिन की सुस्ती के बाद पांच और छह सितंबर को मानसून फिर जोर पकड़ेगा और अच्छी बारिश होने की संभावना है।

दो दिन होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं कहीं कहीं पर हल्की बारिश भी होगी और आंशिक रूप से बादल देखने को मिलेंगे। शनिवार और रविवार को मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश फिर से हल्की पड़ जाएगी हालांकि सितंबर के पहले हफ्ते में बारिश होती रहेगी।

5 और 6 सितंबर को भी होगी अच्छी बारिश

उधर, स्काईमेट वेदर के अनुसार दिल्ली एनसीआर का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। सितंबर के पहले हफ्ते में बारिश की संभावना बनी रहेगी। मानसून टर्फ अभी दक्षिणी राजस्थान और मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। अब यह उत्तर में जाएगी। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी विकसित हुआ है।

गिरेगा तापमान

यह सिस्टम उत्तर पश्चिमी दिशा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक आएगा। इन सिस्टम के चलते शुक्रवार की शाम से दिल्ली और एनसीआर में बारिश शुरू हो जाएगी और रुक रुक कर सोमवार तक जारी रहेगी। इससे अधिकतम तापमान में काफी कमी आएगी और सह 33 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद दो तीन दिन मानसून कमजोर रहेगा, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

उमस ने किया बेहाल

इससे पहले बृहस्पतिवार को दिन भर उमस भरी ने दिल्ली वासियों की हालत खराब किए रखी। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 2014 में अगस्त माह में ही तापमान इस स्तर पर पहुंचा था। न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 53 से 81 फीसद तक रहा।