
दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (DUTA) के पदाधिकारियों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ. इस दौरान शिक्षकों की मतदान के प्रति उत्साह सुबह से ही बना रहा. यही वजह है कि देर रात तक रिकॉर्ड 82.36 फीसदी मतदान हो चुका था. देर रात 11 बजे तक राजीव रे 1428 वोट पर चल रहे थे. वहीं एके भागी 1287 वोट से दूसरे नंबर पर थे. कुल अमान्य वोट 222 पड़े थे. वहीं कुल वोटों की बात की जाए तो ये संख्या 2937 थी.

पूरे दिन लोगों में वोट देने का उत्साह साफ नजर आ रहा था. ये उत्साह इस कदर था कि चिलचिलाती धूप के बावजूद सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक शिक्षकों की लंबी कतारें लगी रहीं. ये सिलसिला शाम को भी नहीं थमा था. इस दौरान लेफ्ट संगठन के उम्मीदवार राजीव रे और एनडीटीएफ के उम्मीदवार एके भागी के समर्थक शिक्षकों के बीच वोट की अपील करते नजर आए.
मतदान के दौरान नॉर्थ कैंपस स्थित आर्ट्स फैकल्टी के बाहर सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइनें लगी थीं. इसकी वजह से यातायात व्यवस्था में दिक्कतें आई. इस बार डूटा चुनाव में 9,630 शिक्षकों में से 7631 शिक्षकों ने मतदान किया है.