शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की

केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। पिछले दिनों एक ट्वीट का जवाब देते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री तारीफ की थी। जिसके बाद उन्हें कांग्रेस ने नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा था। अब गुरुवार को एक बार फिर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने 2014 के मुकाबले 2019 में भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ाया है।

थरूर ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे देश में 2014 के 31 प्रतिशत के मुकाबले भाजपा का मत प्रतिशत 2019 में 37 प्रतिशत तक पहुंचा दिया है। पार्टी के तौर पर कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि क्यों उसे महज 19 फीसदी वोट ही मिले। मोदी ने तारीफ करने लायक बहुत कम काम किया है लेकिन इसके बावजूद वह देश भर में अपना वोट प्रतिशत बढ़ाने में सफल रहे हैं।’

इससे पहले थरूर ने कहा था कि जैसा कि आप जानते हैं, मैं छह साल से यह दलील देते आ रहा हूं कि मोदी जब भी कुछ अच्छा कहते हैं या सही चीज करते हैं तो उनकी तारीफ करनी चाहिए। ऐसा करने के बाद जब हम उनकी गलतियों की आलोचना करेंगे तो हमारी बात की विश्वसनीयता बढ़ेगी। मैं विपक्ष के उन लोगों का स्वागत करता हूं जो मेरे विचार से मिलती-जुलती बात कर रहे हैं।