21 साल के रुबलेव ने चटाई धूल रोजर फेडरर को , दी मात सीधे सेटों में

सिनसिनाटी मास्टर्स के प्री- क्वार्टर फाइनल में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। सात बार के विजेता स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को रूस के आंद्रे रुबलेव ने सीधे सेटों में मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

दुनिया के नंबर तीन दिग्गज खिलाड़ी फेडरर को सिनसिनाटी मास्टर्स में 70वीं रैंकिंग वाले 21 साल के युवा खिलाडी रुबलेव ने हराकर टेनिस जगत में सनसनी मचा दी। इस रूसी खिलाड़ी ने मुकाबले में फेडरर को टिकने ही नहीं दिया और मुकाबला एकतरफा करते हुए सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से अपने नाम कर लिया।

फेडरर एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो वापसी के लिए जाने जाते हैं लेकिन रुबलेव ने मैच पर शुरू से आखिर तक पकड़ बनाए रखी और पहला सेट 6-3 से अपने नाम कर बढ़त हासिल की। दूसरे सेट में भी रुबलेव ही हावी नजर आए और इसे भी उन्होंने एकतरफा बनाते हुए 6-4 के अंतर से अपने नाम किया। फेडरर जैसे बड़े खिलाड़ी पर सीधे सेटों में जीत हासिल करने के बाद यह रूसी खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आया।

अब टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में रुबलेव का सामना उनके ही देश के डेनिल मेडमेडेव के साथ होगा।

इस मैच में मिली हार के बाद फेडरर ने कहा, “आज उसने बहुत ही बेहतरीन खेल दिखाया। इस मैच में उन्होंने मुझे ज्यादा मौके नहीं दिए। यह मेरे लिए काफी मुश्किल रहा लेकिन जो भी हो मुकाबला बेहद शानदार रहा। उनके खेल को देखकर मैं काफी प्रभावित हूं।”

वहीं जीत के बाद रूसी खिलाड़ी का कहना था, “आप जब फेडरर जैसे बड़े खिलाड़ी के सामने खेलने उतरते हैं तो यह एहसास अपने आप में ही बहुत शानदार होता है। इस मैच के आखिर तक यहां आए सभी लोग उनका साथ दे रहे थे। उम्मीद है कि ऐसा ही एक दिन मेरे साथ भी होगा।”