
डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के मकसद से पीएम मोदी ने 73वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day India) पर लाल किले की प्राचीर से इस संदर्भ में नया नारा दिया. उन्होंने कहा कि अक्सर दुकानों में ‘आज नकद-कल उधार’ का बोर्ड देखने को मिलता है लेकिन व्यापारियों से आग्रह करते हैं कि अब वे इसके बजाय ‘डिजिटल पेमेंट को हां, नकद को ना’ का बोर्ड लगाएं. इससे डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने दो अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर प्लास्टिक के बैन की भी अपील की. इस सिलसिले में व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने यहां बोर्ड पर लगाएं कि सामान के लिए कृपया अपना थैला साथ लाएं. यहां पर प्लास्टिक की थैली नहीं मिलेगी. उन्होंने जनता से भी प्लास्टिक के थैलों के खिलाफ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
जल संरक्षण
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार की प्राथमिकता को इस आधार पर समझा जा सकता है कि हमने नई सरकार के गठन के 70 दिन के भीतर ही जल शक्ति मंत्रालय बनाया. उन्होंने कहा कि सभी लोग जल के महत्व को समझें. किसान जल की हर बूंद से अधिक पैदावार की सोचें. शिक्षा कर्मी बचपन से ही पानी के महत्व को बताएं. पानी के क्षेत्र में 70 सालों में जो काम हुआ है, हमें पांच साल में उसका चौगुना काम करना होगा. हम और ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते हैं.