
भारत और पाकिस्तान के बीच जम्मू कश्मीर को लेकर जारी तनाव सरहद पर भी देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर बुधवार को भी अट्टारी बाघा बॉर्डर पर दोनों देशों की सेना बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच मिठाई और मुबारकबाद का आदान-प्रदान नहीं हुआ।
इससे पहले सोमवार को बकरीद के मौके पर भी कुछ ऐसा ही माहौल था। दोनों सेनाओं के बीच इस दौरान न तो मिठाइयों का अदान- प्रदान नहीं हुआ था। इस दौरान भारत पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों व पाकिस्तानी रेंजर्स ने एक दूसरे को मिठाई खिलाना तो दूर ‘ईद मुबारक’ तक नहीं कहा।
जानकारी अनुसार बीएसएफ के जवान अपने पाकिस्तानी समकक्ष को ईद के मौके पर मिठाइयां देने का मन बना रहे थे, लेकिन पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से रविवार को ही संदेश दिया गया कि इस बार ईद के मौके पर मिठाईयों का आदान प्रदान नहीं होगा। पिछले दिनों जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद – 370 हटाए जाने और इसे केंद्र शासित प्रदेश बनाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। पाकिस्तानी सेना का फैसला भी इसकी नतीजा है।
दोनों देशों की सीमा पर तैनात जवानों के बीच राष्ट्रीय व धार्मिक त्योहारों के मौके पर मिठाइयों का आदान-प्रदान करने की परंपरा है। जून में ईद के मौके पर अटारी वाघा बॉर्डर पर दोनों देशों के जवानों के बीच मिठाइयां बांटी गई थीं। बता दें कि एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन के कारण पिछले वर्ष गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत ने पाकिस्तान को मिठाई नहीं दी थी। इससे पहले साल 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दिवाली के मौके पर भी बीएसएफ ने पाक रेंजर्स को मिठाई नहीं दी।