
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विराट कोहली कहे जाने वाले दाएं हाथ के बल्लेबाज बाबर आजम ने इंग्लैंड में खेली जा रही टी20 ब्लास्ट लीग के एक मैच में तूफानी शतक ठोका है। टी 20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आइसीसी रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज बाबर आजम ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी सेंचुरी पूरी की। 
समरसेट (Somerset) के लिए टी20 ब्लास्ट 2019 लीग खेल रहे बाबर आजम इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर चल रहे हैं। इससे पहले वर्ल्ड कप 2019 में भी बाबर आजम पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। बाबर आजम ने पाकिस्तान की ओर से वर्ल्ड कप के 12वें सीजन का पहला शतक ठोका था।
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की शैली की तरह बल्लेबाजी करने वाले बाबर आजम भी नंबर तीन पर खेलना पसंद करते हैं। बाबर आजम ने समरसेट के लिए हैंपशायर के खिलाफ 55 गेंदों में 102 रन बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया है। बाबर आजम ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 6 छक्के लगाए। इस दौरान बाबर आजम का स्ट्राइकरेट 185.45 का रहा। देखें बाबर आजम की शतकीय पारी।
WATCH: See highlights of a stunning T20 century from Babar Azam! 🔥#HAMvSOM #WeAreSOMERSET @TheRealPCB pic.twitter.com/ebBu5EEB1f
— Somerset Cricket 🏏 (@SomersetCCC) August 9, 2019
बाबर आजम ने शतक लगाकर और इस टी20 टूर्नामेट में लीडिंग रन स्कोरर बनकर साबित कर दिया है कि वे टी20 क्रिकेट के नंबर वन खिलाड़ी हैं। बाबर आजम ने इस टी20 लीग के 8 मैचों में 155 से ज्यादा के स्ट्राइकरेट से 425 रन बना डाले हैं। टी20 ब्लास्ट 2019 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बाबर आजम के आसपास भी कोई खिलाड़ी नहीं है, जबकि इस लीग में 200 से ज्यादा खिलाड़ी खेल रहे हैं।