पूर्व मिस जम्मू व अभिनेत्री अनारा गुप्ता ने अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर खुशी का इजहार किया

मिस जम्मू रह चुकीं अभिनेत्री अनारा गुप्ता ने संविधान के अनुच्छेद 370 व 35ए हटाकर जम्‍मू कश्‍मीर का विशेष दर्जा समाप्‍त किए जाने पर खुशी व्यक्त की है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा है कि अब जम्मू-कश्मीर का भी विकास होगा। अनारा ने कहा कि इस खुशी में वे वैष्णो देवी जाकर माता का दर्शन करेंगी।

अनारा गुप्‍ता मिस जम्मू रह चुकीं हैं। वे भोजपुरी फिल्‍मों की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्‍होंने बॉलीवुड फिल्‍मों सहित कई टीवी सीरियल्‍स में भी काम किया है। कुछ साल पहले अनारा गुप्‍ता का एक कथित अश्‍लील वीडियो वायरल हो गया था। हालांकि, उस जांच में उन्‍हें निर्दोष पाया गया था।

अब बदलेंगे जम्‍मू कश्‍मीर के हालात, होगा विकास

अनारा गुप्ता ने पटना में अपनी खुशी का इजहार करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए की वजह से जम्मू कश्मीर विकास की मुख्य धारा से दूर था, लेकिन अब चीजें बदलेंगी। पहले जम्मू में कुछ भी नहीं था। वहां के लोगों के पास कोई स्कोप नहीं था। अब केंद्र सरकार के फैसले के बाद जम्‍मू कश्‍मीर देश की मुख्‍य धारा में शमिल होगा। अनारा ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। साथ ही यह भी कहा कि इस खुशी के मौके पर वे वैष्णोी देवी जाकर माता का आशीर्वाद लेंगी।

अब सही मायने में आएगी समानता

अनारा गुप्ता ने कहा कि इस फैसले क्या फायदा होगा, यह वही लोग समझ पाएंगे जो वहां रहते हैं। जम्मू कश्मीर के स्थानीय निवासियों के लिए यह बहुत बड़ी चीज हुई है। जम्मू  में सरकारी नौकरियों से लेकर अन्य चीजों का लाभ वहां रहने वाले हिंदुओं को चौथे नंबर पर मिलता था। वह भी आसानी से नहीं, अपने हक के लिए लड़ना पड़ता था। लेकिन अनुच्छेद 370 हटने के बाद सही मायने में समानता आएगी।

जम्मू कश्मीर से ज्यादा लद्दाख के लिए खुशी

जम्मू कश्मीर से ज्यादा लद्दाख के लिए खुश हूं। वहां के लोगों को जरूरतें पूरी करने के लिए जम्मू आना पड़ता है। वहां स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाएं नहीं हैं। अगर देखा जाए तो लद्दाख किसी गांव से भी पिछड़ा इलाका है।

बगैर जम्मू कश्मीर के संभव नहीं एकीकृत विकसित भारत

अनारा ने कहा कि स्वतंत्र भारत, विकसित भारत और एक भारत बिना जम्मू कश्मीर के विकास के संभव नहीं होगा।