81 साल का ये आदमी दुनिया के लिए बना मिसाल, 24 लाख बच्चों की जान बचाई

ऑस्ट्रेलिया के जेम्स हैरीसन का नाम पूरा देश जानता है। वहां इन्हें ‘मैन विद द गोल्डेन आर्म’ कहा जाता है। यह ख्याति इनको 24 लाख शिशुओं की जान बचाने के लिए मिली है। दरअसल पिछले साठ साल से यह व्यक्ति रक्तदान कर रहे हैं। इनके खून में रोगों से लड़ने वाली विशिष्ट प्रतिरोधी क्षमता है। जिसके द्वारा वैज्ञानिकों ने रीसस रोग से लड़ने के लिए एंटी डी नामक टीका बनाया है।

डॉक्टरों के अनुसार रीसस रोग में गर्भवती महिला के खून की एंटीबॉडी पेट में पल रहे बच्चे की रक्त कोशिकाओं को खत्म कर देती है। इस हालात में बच्चे के दिमाग पर गंभीर असर हो सकता है या किन्हीं मामलों में मौत भी हो सकती है। लिहाजा इस रोग से लड़ने के लिए हैरीसन का खून रामबाण साबित हो रहा है। डॉक्टर उनकी प्लाज्मा का इस्तेमाल करके टीका बनाते हैं।