
मंगलवार की रात (वेस्टइंडीज में दिन) टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आखिरी मुकाबला खेल रही थी। इस मुकाबले में जब टीम इंडिया बल्लेबाजी कर रही थी तो इसी समय भारत की एक शीर्ष नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन हो गया। 
पूर्व विदेश मंत्री और भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने 67 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में आखिरी सांस ली। सुषमा स्वराज का निधन हार्ट अटैक(कार्डियक अरेस्ट) से हुआ। इसके बाद देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई।
हर कोई अपने-अपने तरीके से सुषमा स्वराज की आत्मा की शांति का दुआ कर रहा है। इसी कड़ी में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली भी जुड़ गए हैं, जिन्होंने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए एक ट्वीट किया है और कहा है कि उन्हें ये खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है।
Deeply saddened by the news of Sushma Ji's demise, may her soul rest in peace. 🙏🏼
— Virat Kohli (@imVkohli) August 7, 2019
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, “सुषमा जी के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ, उनकी आत्मा को शांति मिले।” विराट कोहली ही नहीं, टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज और मौजदा भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है।
इनके अलावा वीरेंद्र सहवाग, आकाश चोपड़ा, सचिन तेंदुलकर जैसे तमाम दिग्गज क्रिकेटर सुषमा स्वराज के निधन पर अपने-अपने शब्दों में उन्हें यादकर शोक व्यक्त कर चुके हैं। बता दें कि सुषमा स्वराज ने विदेश मंत्री रहते हुए हजारों लोगों को पाकिस्तान समेत दूसरे देशों से छुड़वा कर उन्हें नई जिंदगी दी है।