एबी डिविलियर्स की आंधी में उड़ी ये टीम, ‘मिस्टर 360 डिग्री’ ने ठोके इतने छक्के

साउथ अफ्रीका की टीम के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने इंग्लैंड में खेली जा रही टी20 लीग यानी T20 Blast के एक मैच में तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। मिडिलसेक्स (Middlesex) की ओर से नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ने आतिशी पारी खेलकर समरसेट (Somerset) को मात देने में बड़ी भूमिका निभाई।

इस मुकाबले में समरसेट के कप्तान टॉम एबेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेविड मलान की कप्तानी वाली मिडिलसेक्स की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 215 रन बना डाले, जिसमें मिस्टर 360 डिग्री कहे जाने वाले एबी डिविलियर्स ने नाबाद 88 रन की पारी खेली। इसी के दम पर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा।

पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले एबी डिविलियर्स ने अपनी इस 88 रन की नाबाद पारी में सिर्फ 35 गेंदों का सामना किया। इसके अलावा इस पारी में एबी डिविलियर्स के बल्ले से एक चौके के साथ-साथ 9 छक्के निकले, जिन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं, 37 गेंदों में कप्तान डेविड मलान ने 56 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

उधर, 216 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी समरसेट की टीम 17.2 ओवर में 180 रन बनाकर ढेर हो गई। मिडिलसेक्स की ओर से नाथन सॉटर ने 4 विकेट झटके। समरसेट की ओर से कप्तान टॉम एबेल और विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम बेंटन ने 41-41 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

इंडियन प्रीमियर लीग के बाद एबी डिविलियर्स इंग्लैंड में खेली जा रही लीग टी20 ब्लास्ट में नज़र आए हैं। आइपीएल के बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ काफी समय बिताया। इस बीच जब साउथ अफ्रीका की टीम इंग्लैंड में वर्ल्ड कप खेल रही थी तो कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने कहा था कि डिविलियर्स ने संन्यास के बाद वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जताई थी, जिसका खंडन बाद में डिविलियर्स ने किया था।