
नेहरू युवा केंद्र एवं पतंजलि के संयुक्त तत्वावधान में नगर रुद्रप्रयाग के भाणाधार वार्ड में विभिन्न प्रजाति के लगभग दो सौ पौधे व जड़ी-बूटी रोपण किया गया। वहीं राइंका अगस्त्यमुनि में छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
नगर पालिका रुद्रप्रयाग के भाणाधार में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोगों ने आंवला, बांस, आम, घृतकुमारी, कचनार, अमरूद आदि के दो सौ पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल ने कहा कि भूस्खलन को कम करने के लिए अधिक से अधिक पौधों का रोपण करना जरूरी है। इससे पर्यावरण का भी संरक्षण हो सकेगा।
निवर्तमान प्रधान बर्सू सुरेंद्र बिष्ट ने समय-समय पर आयोजित होने वाले पौधरोपण कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। वहीं नेहरू युवा केंद्र द्वारा राइंका अगस्त्यमुनि में आयोजित स्वच्छता अभियान में छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवक विपिन रौथाण, प्रधानाध्यापिका रागिनी नेगी, अनूप सेमवाल, चन्द्रकान्त जमलोकी, योग प्रशिक्षक संतोष बत्र्वाल, पतंजलि के तहसील प्रभारी हरि सिंह पंवार, अभिलाषा, सौरभ बिष्ट समेत अन्य लोग मौजूद थे।