
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धर्मनगरी में 7 अगस्त को रात्रि प्रवास के साथ दो दिन तक रहेंगे। इस दौरान करोड़ो रुपए की योजनाओं का लोकार्पण कर मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे। कामतानाथ मंदिर मेें माथाटेक परिक्रमा लगाएंगे। स्कूल का निरीक्षण कर कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे। उनके साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री समेत कई अन्य मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
जारी प्रोटोकाल के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर 7 अगस्त की दोपहर 12.30 बजे शहर के चित्रकूट इंटर कालेज मैदान में उतरेगा। यहीं पर करोड़ां रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और स्वीकृत पत्र वितरण कार्यक्रम जनसभा के रूप में होगा। दोपहर 1.30 बजे डांकबगला पहुंचेंगे। 2 बजकर 10 मिनट पर जगद्गुरू रामभद्राचार्य के तुलसीपीठ मंदिर मेें पहुंचकर पट्टाभिषेक कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4 बजे वहां से लौटकर कलक्ट्रेट सभागार में 4 बजकर 25 मिनट से विकास कार्य व कानून व्यवस्था पर मंडलीय समीक्षा बैठक करेेंगे। शाम 6 बजकर 30 मिनट तक बैठक करने के बाद डांकबगले पर आकर पार्टी कोर ग्रुप के साथ साढ़े सात बजे तक बैठक करेंगे। रात्रि साढे आठ बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद रात्रि विश्राम होगा।
जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि प्रोटोकाल के अनुसार मुख्यमंत्री दूसरे दिन 8 अगस्त गुरूवार की सुबह 6 बजे डंाकबगले से निकलकर कामदगिरी मुख्यद्वार पहुंचेंगे। मंदिर में दर्शन कर परिक्रमा लगाएंगे और लक्ष्मण पहाड़ी पर रोपवे का शुभारम्भ करेंगे। सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर वहां से लौटकर सीधे प्राथमिक विद्यालय सोनेपुर का निरीक्षण करेंगे। इसी स्कूल में स्मार्ट क्लास का शुभारम्भ किया जाएगा। 8 बजकर 55 मिनट पर वहां से लौटकर डांकबगला पहुंचेंगे। 10 बजकर 5 मिनट तक समय आरक्षित किया गया है। इसके बाद 10 बजकर 10 मिनट पर चित्रकूट इंटर कालेज पर बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे और 10 बजकर 15 मिनट पर हमीरपुर पुलिस लाइन के लिए रवाना होंगे।
सदर एसडीएम इंदु प्रकाश ने बताया कि 6 अगस्त को प्रदेश के मंत्री रमापति शास्त्री व मोती सिंह आ जाएंगे। इसके अलावा 7 अगस्त को उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के आने की पुष्टि हो गई है।