विराट कोहली आज देंगे रोहित शर्मा के साथ अनबन वाले सवालों के जवाब?

वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली आज मुंबई में मीडिया से रूबरू होंगे। विराट कोहली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ के मुंबई स्थित क्रिकेट सेंटर में पत्रकारों के सवालों के जवाब देंगे, जिनमें वेस्टइंडीज दौरे की रणनीति से लेकर टीम इंडिया के उनके साथी खिलाड़ी और उपकप्तान रोहित शर्मा के बीच हुई अनबन को लेकर भी जवाब दे सकते हैं।

रविवार को दोपहर बाद ये अफवाह उड़ी थी कि विराट कोहली इन सवालों से बचने के लिए वेस्टइंडीज दौरे से पहले प्रैस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे, लेकिन शाम होते-होते बीसीसीआइ ने इस बात का खंडन कर दिया और जानकारी दे दी कि विराट कोहली विदेशी दौरे पर जाने से पहले पत्रकारों से रूबरू होंगे। बीसीसीआइ के मुताबिक, बोर्ड के हेडक्वार्टर में ये प्रैस कॉन्फ्रेंस शाम 6 बजे के आसपास होगी, जिसमें विराट कोहली पर सवालों की बौछार होने वाली है।

दरअसल, भारतीय टीम पहले दो टी20 मैचों के लिए आज(सोमवार) रात फ्लोरिडा(US) के लिए रवाना होगी। इससे पहले ये प्रैस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। फ्लोरिडा में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 3 और 4 अगस्त को तीन मैचों की सीरीज के दो टी20 मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम तीसरा टी20, तीन मैचों की वनडे सीरीज और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज कैरेबियाई सरजमीं पर खेलेगी।

इस दौरे पर तीनों फॉर्मेट में विराट कोहली ही कप्तान होंगे। वेस्टइंडीज दौरे पर होने वाले दो टेस्ट मैचों की सीरीज आइसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे। टेस्ट की नंबर वन टीम इंडिया चाहेगी कि इस टेस्ट सीरीज को 2-0 से जीतकर इस विश्व स्तरीय टेस्ट चैंपियनशिप को दमदार आगाज किया जाए।