
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मेजबान श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को मात दी। तीन मैचों की वनडे सीरीज का लगातार दूसरा मैच जीतकर श्रीलंका ने 2-0 की अजेय बढ़त लेकर सीरीज अपने नाम कर ली।
इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर कई साल बाद वनडे सीरीज जीती है। इस मैच में बांग्लादेश टीम के कप्तान तमीम इकबाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 50 ओवर में मुशफिकुर रहीम की नाबाद 98 रन और मेहदी हसन की 43 रन की पारी के दम पर 8 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए।
उधर, 239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने 44.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 242 रन बनाकर ये मैच 7 विकेट से और सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। श्रीलंकाई टीम ने 3 साल 8 महीने बाद कोई वनडे सीरीज अपने घर पर जीती है। बांग्लादेश से पहले श्रीलंका ने द्विपक्षीय सीरीज में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया था।
नवंबर 2015 के बाद घर पर श्रीलंकाई टीम की ये पहली जीत है, जबकि 2015 के बाद ये श्रीलंकाई शेरों की तीसरी जीत है। श्रीलंकाई टीम ने इससे पहले मई 2019 में स्कॉटलैंड को 1-0 से और जून 2016 में आयरलैंड को 2-0 से रौंदा था। हालांकि, ये सीरीज श्रीलंका से बाहर खेली गई थीं।
गौरतलब है कि इंग्लैंड और वेल्स में खेले गए वर्ल्ड कप 2019 में श्रीलंकाई टीम 9 मैचों में 3 मैच जीतकर 8 अंकों के साथ प्वाइंट टेबल में छठे स्थान पर रही थी। इन 9 मैचों में से श्रीलंकाई टीम के दो मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे। वहीं, बांग्लादेश की टीम ने इतने ही मैचों में 3 मैच जीते, जिसमें एक मैच बेनतीजा रहा।
इस तरह टीम 7 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रही थी। हालांकि, बांग्लादेश की ओर से ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी की और अकेले दम पर कई मैच जिताए। शाकिब अल हसन वर्ल्ड कप के 12वें सीजन के किसी भी मैच में 40 रन से पहले आउट नहीं हुए थे।