झारखंड के चतरा में दिनदहाड़े बैंक डकैती, 23 लाख रुपये ले भागे हथियारों से लैस डकैत

झारखंड के चतरा में हथियारों से लैस डकैतों के गिरोह ने सोमवार को दिनदहाड़े बैंक डकैती की है। बैंक से डकैत 23 लाख रुपये ले जाने में सफल रहे। बताया गया कि हंटरगंज प्रखंड के बैंक आॅफ इंडिया की गोसाईंडीह ब्रांच में यह डकैती हुई है। एलडीएम मृणाल दास ने बैंक डकैती की पुष्टि की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। बैंक आफ इंडिया की गोसाईडीह शाखा से 23 लाख की डकैती के बारे में कहा गया कि यहां बैंक शाखा खुलते ही अपराधियों ने धावा बोल दिया। दो मोटरसाइकिल से चार अपराधी पहुंचे और बैंककर्मियों को कब्‍जे में लेकर चेस्‍ट से रुपये लूटकर फरार हो गए।

मौक पर पहुंची पुलिस, डकैतों को पकड़ने के लिए छापेमारी 
अज्ञात अपराधियों ने सोमवार की सुबह 9:40 बजे हंटरगंज थाना क्षेत्र के गोसाईडीह गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 23 लाख रुपये की लूट कर ली। लुटेरों की संख्या चार थी और वे हथियारों से लैस थे। दो मोटरसाइकिल से सवार होकर आए थे। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बिहार की ओर भाग गए। अग्रणी जिला प्रबंधक मृणाल कुमार दास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया बैंक की शाखा खुलते ही अपराधी हथियार के बल पर अंदर पहुंचे और आयरनचेस्ट में रखे रुपये लेकर फरार हो गए। विस्‍तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।