कबीर सिंह बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: शाहिद कपूर का कमाल अब भी जारी, 275 करोड़ के करीब

शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) और कियारा आडवाणी (Kiara Advani) की फिल्म कबीर सिंह (Kabir Singh) ने उम्मीद से ज्यादा की बॉक्स ऑफिस पर कमाई की है। ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी यह फिल्म अब कम स्क्रीन मिलने के बावजूद और पांच हफ्तों के बाद भी रेस में बनी हुई है। फिल्म ने शुक्रवार को लेगभग 70 लाख रुपये और अपने कलेक्शन में जोड़ लिए हैं और अब फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 274 करोड़ से ज्यादा हो गया है।

इससे पहले फिल्म ने गुरुवार को 71 लाख, बुधवार को 77 लाख, मंगलवार को 82 लाख, सोमवार को 82 लाख, रविवार को 2.30 करोड़, शनिवार को 1.65 करोड़ और शुक्रवार को 1.03 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म ने सप्ताह में 134.42 करोड़ रुपये, दूसरे सप्ताह में 78.78 करोड़, तीसरे सप्ताह में 36.40 करोड़, चौथे सप्ताह में 16.66 करोड़ और पांचवे सप्ताह में 8.10 करोड़ रुपये रहा था। अब एक बार फिर इस वीकेंड में फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।

आपको बता दें कि इस समय सिनेमाघरों में बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड फिल्में भी अच्छी कमाई कर रही हैं। कुछ फिल्मों ने इस शुक्रवार को दस्तक दी है। बॉलीवुड फिल्मों की बात करें तो कंगना रनौत (Kangana Ranaut) और राजकुमार राव (Rajkummar Rao) की फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’ (Judgemental Hai Kya) रिलीज हो चुकी है। साथ ही फिल्म अर्जुन पटियाला (Arjun Patiala) भी सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है जिसमें दिलजीत दोसांझ (Diljit dosanjh) और कृति सनोन (Kriti Sanon) की अहम भूमिका है।

बताते चलें कि कबीर सिंह 21 जून को रिलीज हुई थी। तेलुगु हिट अर्जुन रेड्डी की यह रीमेक शाहिद कपूर के करियर की अभी तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म है।