छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के दखल के बाद बेड़ियों से आजाद किया गया गणेश हाथी

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दो दिन पहले वन विभाग की कैद से फरार होने वाले जंगली हाथी के पांव में पड़ी बेड़ियां हाई कोर्ट की दखल के बाद काट दी गईं। शुक्रवार को 20 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन में हाथी को ट्रैकुलाइज कर फिर बेहोश किया गया और पांव में बंधी जंजीर काटी गई।

वन विभाग ने गुरुवार की रात उसकी जीपीएस लोकेशन के आधार पर ऑपरेशन की योजना बनाई थी। हाटी-धरमजयगढ़ मार्ग से लगे जंगल में उसे फिर से बेहोश करने में कामयाबी मिली।

गणेश हाथी को वन विभाग की टीम ने 23 जुलाई को कर्नाटक से लाए गए प्रशिक्षित हाथियों की मदद से पकडा था। 24 जुलाई को वह जंजीर तोड़ कर वन विभाग गेस्ट हाउस की दीवार गिरा कर बेड़ियों समेत फरार हो गया था। यह मामला गुरुवार को हाई कोर्ट पहुंचा जिसमें कोर्ट ने वन विभाग से जवाब तलब किया था।