टीम इंडिया को मिला नया फिटनेस ट्रेनर, विराट व रोहित जैसे खिलाड़ियों को रखेंगे फिट..

वर्ल्ड कप 2019 में टीम इंडिया (Team India) को सेमीफाइनल में मिली हार के बाद टीम इंडिया के दो सपोर्ट स्टाफ ने इस्तीफा दे दिया था। इसमें से एक थे टीम के फीजियो पैट्रिक फरहार्ट और दूसरे थे फिटनेस ट्रेनर शंकर बासु। इन दोनों का भारतीय क्रिकेट टीम के साथ विश्व कप 2019 तक के लिए ही अनुबंध था और उन्होंने अपना इस्तीफा बोर्ड को सौंप दिया। हालांकि दोनों को बोर्ड ने टीम के साथ जुड़े रहने की बात कही थी जिसे इन्होंने नहीं मानी थी। बासु और फरहार्ट ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की फिटनेस पर काफी काम किया था जिससे टीम के प्रदर्शन का स्तर ही अलग पहुंच गया था। इन दोनों ने विराट, रोहित, बुमराह व भुवी जैसे खिलाड़ियों पर खूब मेहनत की थी।

अब टीम इंडिया को वेस्टइंडीज दौरे पर जाना है और शंकर बासु द्वारा पद छोड़ने के बाद ये जगह खाली हो गई थी, ऐसे में कैरेबियाई दौरे के लिए बोर्ड ने नया फिटनेस ट्रेनर नियुक्त कर दिया है। बीसीसीआई ने शंकर बासु के जूनियर रहे सोहम देसाई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम का फिटनेस ट्रेनर बनाया है। सोहल देसाई बैंगलोर की नेशनल क्रिकेट एकेडमी से जुड़े हुए हैं और वो भारतीय टीम के साथ तीन अगस्त को फ्लोरिडा में जुड़ेंगे। इस वक्त सोहम वेस्टइंडीज में ही हैं और वो इंडिया ए टीम के फिटनेस ट्रेनर हैं पर अब वो सीनियर टीम को ट्रेनिंग देते नजर आएंगे।

गुजरात के सोहम देसाई की खुद की फिटनेस भी कमाल की है। वो जिम में खिलाड़ियों की ही नहीं बल्कि खुद पर भी काफी मेहनत करते हैं। उन्होंने गुजरात रणजी टीम की फिटनेस पर भी काफी काम किया है। सोहम टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के फैन हैं। हालांकि वेस्टइंडीज में उन्हें धोनी को फिट रखने का मौका नहीं मिल पाएगा क्योंकि वो अभी आर्मी के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं।

आपको बात दें कि टीम इंडिया का वेस्टइंडीज दौरा तीन अगस्त से शुरू हो रहा है। यहां पर भारतीय टीम को तीन-तीन मैचों की टी 20 और वनडे सीरीज खेलनी है। टी 20 सीरीज की शुरुआत तीन अगस्त से होगी इसके बाद 8 अगस्त से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। पहला टेस्ट मैच 22 अगस्त से खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट मैच 30 अगस्त से शुरू होगा।