परेड़ के दौरान हवा में उड़ता दिखाई दिया जवान, राष्ट्रपति के ट्वीट ने दुनिया को चौंकाया

‘हम चलते हैं जब ऐसे तो दिल दुश्मन के हिलते हैं…’ एक फिल्मी गानें की ये लाइनें न केवल सेना के हौंसले बल्कि उसकी शौर्य गाथा को बयां करती है। भारत ही नहीं हर देश के लिए उसकी सरहदों की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। आधुनिक युग में सुरक्षा के लिए जिस तरह से खतरा बढ़ रहा है, उसी तरह तमाम देशों की सेनाएं और युद्ध विशेषज्ञ भी इससे निपटने के नए-नए तरीके इजाद करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।

ऐसे में फ्रेंच राष्ट्रपति इमेन्युअल मैक्रों के एक ट्वीट ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। उन्होंने 14 जुलाई को पेरिस में आयोजित बैस्टिल डे समारोह का एक वीडियो ट्वीट किया है। इस आविष्कारक समारोह में एक जवान जेट-पावर्ड फ्लाइबोर्ड पर सवार होकर समारोह स्थल पर उड़ता हुआ नजर आ रहा है। जवान के हाथों में ऑटोमैटिक गन है और वह फ्लाइबोर्ड पर संतुलन बनाए हुए पूरी तरह से मुस्तैद दिख रहा है।

फ्रेंच राष्ट्रपति ने ट्वीट किया वीडियो
पैर में एक छोटी सी जेट मशीन लगाकर ऑटोमैटिक गन के साथ हवा में उड़ रहे इस सैनिक को देखकर वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया। यहां तक कि समारोह में मौजूद फ्रांस के राष्ट्रपति इमेन्युअल मैक्रो के लिए भी ये अद्भुत नजारा था। लिहाजा उन्होंने तुरंत परेड के दौरान हवा में उड़ते सैनिक का एक वीडियो ट्वीट कर दिया। उनके इस ट्वीट को अब तक 7.9 मिलियन (लगभग 80 लाख) लोग देख चुके हैं। तकरीबन 75 हजार लोगों ने उनके इस ट्वीट को लाइक किया है और 25 हजार से ज्यादा लोगों ने उनके ट्वीट को रीट्वीट किया है।