झारखंड: हार्डकोर नक्सली रवींद्र गंझू की पत्नी ललिता गुमला से गिरफ्तार

भाकपा माओवादी के रिजनल कमेटी सदस्य व 15 लाख रुपए का इनामी नक्सली रवींद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी को लोहरदगा पुलिस ने रायडीह से गिरफ्तार किया है। लोहरदगा एसपी प्रियदर्शी आलोक ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नक्सली ललिता देवी के ख़िलाफ न्यायालय से वारंट जारी था। जिसपर कार्रवाई करते हुए लोहरदगा पुलिस ने गुमला पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को अहले सुबह गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

लोहरदगा के एसपी ने बताया कि ललिता देवी नक्सल गतिविधियों में संलिप्त रहने के साथ अपने पति रवींद्र गंझू द्वारा किए जाने वाले थे नक्सल विरोधी कार्यों में साथ देती थी। एसपी का यह भी कहना है कि ललिता देवी की गिरफ्तारी से कई नक्सल कांडों का खुलासा होगा और क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। फि‍लहाल लोहरदगा पुलिस गिरफ्त में आई नक्सली ललिता देवी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई के साथ ही हाई कोर नक्‍सली रवींद्र गंझू की गिरफ्तारी के दिशा में जुटी है।