
लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ उसके चचेरे भाई द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। इस वारदात की जानकारी मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस ने आरोपी देवठान भगत को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि देवठान भगत नामक आरोपी ने अपने चचेरी बहन के साथ विगत 20 सितंबर 2018 को खेत में अकेले पाकर दुष्कर्म किया। साथ ही धमकी दी कि किसी को घटना के बारे में बताया तो उसके दोनों भाईयों को जान से मार देगा।
इसके बाद भी आरोपी ने कई बार नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। अप्रैल 2019 में भी आरोपी ने नाबालिग के घर आकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की, विरोध करने पर आरोपी ने नाबालिग के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। पीड़िता ने घटना के बारे में लोगों को बताया तो किसी ने उसके बात पर विश्वास नहीं किया। जिससे नाबालिग की मानसिक स्थिति खराब हो गई।
इसी कारण वह 12 मई 2019 को घर से निकलकर टेंपो से मांडर पहुंच गई। वहां से बस में सवार होकर रांची चली गई। इसी बीच अारोपी नाबालिग का लगातार पीछा करता रहा। पीड़िता रांची रेलवे स्टेशन से ट्रेन से पटना चली गई। पटना से उसी ट्रेन से वापस फिर रांची पहुंची। जहां रांची स्टेशन पर आरपीएफ ने नाबालिग को अकेले देखकर पूछताछ के बाद बाल कल्याण आश्रम को पहुंचाया। समिति द्वारा नाबालिग को प्रेमाश्रय पहुंचाया गया। यहां नाबालिग का इलाज कराया गया।
इसके बाद विगत दो जुलाई को नाबालिग को बाल कल्याण समिति लोहरदगा के पास भेज दिया गया। नाबालिग फिलहाल आरंभ बालिका गृह में रह रही है। यहां पीड़िता ने कुडू पुलिस को चचेरे भाई द्वारा दुष्कर्म की घटना के बारे में बयान दिया है। जिसपर कुड़ू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।