न्यूक्लियर पावर छोड़ने के लिए तैयार है पाकिस्तान, लेकिन भारत के सामने रखी ये शर्त

अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर अमेरिका गए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि वह परमाणु हथियारों को छोड़ने के लिए तैयार हैं. फॉक्स न्यूज को दिए गए इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान परमाणु शक्तियों को छोड़ने के लिए तैयार है, लेकिन उसके लिए उन्होंने एक शर्त भी रखी. इमरान खान ने कहा कि अगर भारत परमाणु हथियार छोड़ने का वादा करेगा, तभी पाकिस्तान भी ऐसा करने के लिए तैयार होगा.

परमाणु युद्ध का नहीं कोई विकल्पः खान
इंटरव्यू में जब इमरान से पूछा गया कि अगर भारत परमाणु हथियार को छोड़ने के लिए तैयार हो जाए तो क्या पाकिस्तान भी ऐसा करेगा? इमरान खान ने जवाब दिया, हां, क्योंकि परमाणु युद्ध कोई विकल्प नहीं है. भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की बात करना आत्मघाती है क्योंकि हमारी साझा सीमा 2500 मील लंबी है.

भारत-पाक सीमा पर बढ़ा तनाव
भारत और पाकिस्तान के हालातों पर बात करते हुए इमरान खान ने कहा कि इस साल फरवरी के बाद कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिससे दोनों देशों की सीमा पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. इमरान ने कहा अमेरिका दुनिया का सबसे ताकतवर देश है और वही भारत और पाकिस्तान के पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता कर सकता है और मुद्दा केवल कश्मीर ही है. आगे बोलते हुए इमरान ने कहा कि पिछले 70 सालों में भारत और पाकिस्तान एक सभ्य पड़ोसी की तरह नहीं रह सके हैं, जिसका एक मात्र कारण कश्मीर है.