
देश में हॉलीवुड फ़िल्मों के लिए भरोसेमंद बाज़ार बनता जा रहा है। ख़ासकर, सुपरहीरो फ़िल्में घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम इस सीरीज़ की ताज़ा कड़ी है, जिसने रिलीज़ के 5 दिनों में ही भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर लगभग 50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। 
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, 4 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सोमवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में गिरावट आयी है, जो अमूमन होता ही है। फ़िल्म ने लगभग 4 करोड़ का कलेक्शन किया। भारत में स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम 4 जुलाई को 1945 स्क्रींस पर रिलीज़ हुई थी। गुरुवार को रिलीज़ होने की वजह से इसे 4 दिन लंबा ओपनिंग वीकेंड मिला।
‘स्पाइडरमैन’ ने गुरुवार को 10.05 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन शुक्रवार को आंकड़े कुछ गिरे और फ़िल्म 8.79 करोड़ रुपये ही जुटा सकी, मगर शनिवार को स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम (Spider-Man Far From Home) ने फिर उछाल लिया और 12.41 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। रविवार को यह बढ़त जारी रही और फ़िल्म ने 15.41 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर 4 दिन के ओपनिंग वीकेंड में स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम ने 46.66 करोड़ रुपये जुटा लिये।
स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम भारत में स्पाइडरमैन सीरीज़ की पुरानी सभी फ़िल्मों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम (Spider-Man Far From Home) को जोन वाट्स ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में पीटर पारकर की मुख्य भूमिका टॉम हॉलैंड (Tom Holland) ने निभायी है। स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम की कहानी एवेंजर्स एंडगेम के बाद की परिस्थितियों में सेट की गयी है।
एंडगेम में दिखाया गया था कि एवेंजर्स टाइम मशीन के ज़रिेए अलग-अलग टाइम ज़ोन में जाकर इनफिनिटी स्टोंस इकट्ठा करते हैं और प्रीक्वल इनफिनिटी वॉर में मारे गये सुपरहीरोज़ को ज़िंदा करते हैं।स्पाइडरमैन भी इनमें शामिल था। स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम में पीटर पारकर छुट्टी मनाने गया है, मगर वहां उसके सामने एक नई चुनौती आ जाती है।