मुंबई में बारिश का सिलसिला जारी, आज भी आएगा हाईटाइड, एयरपोर्ट पर उड़ान सेवा ठप

मुंबई में मॉनसून की बारिश का सिलसिला लगातार जारी है. मुंबई में भारी बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव हो रहा है. इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मौसम विभाग की ओर से मुंबई में आज भी समुद्र में हाईटाइड की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में सोमवार शाम 4:18 बजे हाईटाइड आएगा. इस दौरान 4.37 मीटर तक ऊंची लहरें उठेंगी.

इसके साथ ही मुंबई में जारी भारी बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्‍ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं. यह जानकारी मुंबई एयरपोर्ट के प्रवक्‍ता ने दी है.

मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि सोमवार को भी मुंबई के आसमान में काले बादलों का डेरा रहेगा. थोड़-थोड़े समय के लिए मुंबई में बारिश होती रहेगी. सोमवार सुबह से ही मुंबई के अधिकांश इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. कुछ इलाकों में अच्‍छी बारिश का अनुमान भी जताया गया है.