
वर्ल्ड कप में मंगलवार को भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हरा दिया और रोहित शर्मा के बल्ले ने रनों के साथ साथ रिकॉर्ड्स की बरसात भी की। रोहित शर्मा ने 92 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। रोहित शर्मा की इस धमाकेदार पारी के दौरान उन्होंने कई बड़े शॉट लगाए और बाउंड्री का भी रिकॉर्ड बनाया।
इसी बीच रोहित शर्मा ने एक छक्का मारा और बॉल मैच देख रही एक भारतीय फैन के लग गई। मीना नाम की इस भारतीय फैन का वीडियो टीवी पर भी दिखाया गया था। हालांकि मैच खत्म होने के बाद रोहित शर्मा ने अपने फैन को खास तरीके से खुश किया।
मैच खत्म होने के बाद रोहित शर्मा ने अपने ऑटोग्राफ वाली पीले रंग की हैट मीना को गिफ्ट की। हैट गिफ्ट करते समय रोहित ने थोड़ा हंसी-मजाक भी किया। हैट मिलने से मीना बेहद खुश थीं। अब रोहित शर्मा की महिला फैंस से मिलने वाली तस्वीरें वायरल हो रही हैं। वहीं सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा की इस बात को लेकर काफी तारीफ भी की जा रही है।
बता दें कि मंगलवार को भारत ने बांग्लादेश को 28 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 314 रन बनाए और इसके बाद बांग्लादेश 48 ओवर में सिर्फ 286 रन बना पाई। वहीं रोहित शर्मा ने इस मैच में अपने बल्ले के दम पर कई रिकॉर्ड बना लिए।
– रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप 2019 में चौथा शतक लगाया। रोहित ने अपनी ये शतकीय पारी 90 गेंदों में खेली। इसके साथ ही ये उनके वनडे करियर का 26वां शतक रहा। इस शतक के साथ ही एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक के मामले में कुमार संगकारा (2015 वर्ल्ड कप) के रिकॉर्ड की बराबरी की।
– रोहित शर्मा ने वनडे में 26वां शतक लगाया और एक साथ क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स और कुमार संगकारा (25 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ा। फिलहाल रोहित शर्मा हाशिम अमला (27), सनथ जयसूर्या (28), रिकी पोंटिंग (30), विराट कोहली (41) और सचिन तेंदुलकर (49) से पीछे हैं।
– रोहित शर्मा ने 2017 से लेकर अभी तक वनडे में सबसे ज्यादा 16 शतक लगाए हैं। अभी इससे पहले यह खिताब विराट कोहली के नाम पर था, जो 15 शतक लगा चुके हैं।