
विराट कोहली की टीम का मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस मैच के लिए टीम इंडिया ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। 
भारत की धीमी शुरुआत
रोहित शर्मा व लोकेश राहुल इस वक्त अपनी पारी को जमाने के मूड में दिख रहे हैं और उनकी कोशिश है कि शुरुआती कुछ ओवरों में विकेट बचाई जाए। फिलहाल टीम इंडिया की शुरुआत तो धीमी ही है। तीन ओवर में भारतीय टीम ने सात रन बना लिए हैं।
भारतीय पारी की शुरुआत
भारत की तरफ से पारी की शुरुआत रोहित शर्मा व लोकेश राहुल ने किया है। पहला ओवर वेस्टइंडीज की तरफ से कॉर्टरेल फेंक रहे हैं। भारत ने एक ओवर में चार रन बना लिए हैं।
भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं
टीम इंडिया ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। कहा जा रहा था कि भुवी फिट हो गए हैं और उन्हें शायद अंतिम ग्यारह में मौका दिया जा सकता है, लेकिन शमी के पिछले मैच में किए गए अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें ही टीम में शामिल किया गया।
कैरेबियाई टीम में दो बदलाव
वेस्टइंडीज की टीम ने अपने अंतिम ग्यारह में दो बदलाव किए हैं। एश्ले नर्श और इविन लुइस की जगह टीम में सुनील अंबरिस व फेबियन एलेन को मौका दिया गया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
लोकेश राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), विजय शंकर, महेंद्र सिंह धौनी, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, मो. शमी, कुलदीप यादव, युजवेंद्रा चहल, जसप्रीत बुमराह।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
क्रिस गेल, सुनील अंबरीस, साई होप, निकोलस पूरन, सिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर (कप्तान), कार्लोस ब्रेथवेट, फेबियन एलेन, केमार रोच, शेल्डन कॉर्टरेल, ओशेन थॉमस।
वेस्टइंडीज की टीम ने विश्व कप में भारत के खिलाफ आखिरी बार 1992 विश्व कप में जीत दर्ज की थी। इसके बाद से इस टीम को भारत के खिलाफ जीत नहीं मिली। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ विश्व कप में टीम इंडिया की जीत का सिलसिला 1996 वर्ल्ड कप में शुरू हुआ था जो अब तक जारी है।
मौसम रिपोर्ट
इसमें कोई शक नहीं कि बारिश ने इस पूरे टूर्नामेंट में अहम किरदार निभाया है, लेकिन बुधवार को यहां बारिश नहीं हुई। यहां के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बारिश की संभावना बिलकुल भी नहीं है। यहां हुए भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश ने काफी परेशान किया था।
ग्राउंड रिपोर्ट
ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 24000 है। यहां पर एक सेमीफाइनल सहित इस विश्व कप के छह मैच होने हैं। यह मैदान ज्यादा बड़ा नहीं है और ऐसे में काफी चौके-छक्के देखने को मिल सकते हैं। इस विश्व कप में इस मैदान पर भारत का दूसरा मैच है। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को डकवर्थ-लुइस नियम से 89 रन से हराया था। वेस्टइंडीज का भी यह इस मैदान पर दूसरा मैच है। पिछले मैच में उसे यहां न्यूजीलैंड के हाथों पांच रन से हार का सामना करना पड़ा था। 03 वनडे अब तक इस विश्व कप में ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए हैं और इन तीनों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है।
पिच रिपोर्ट
पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश थम गई जिससे बुधवार को पिच को धूप नसीब हुई। इस पिच पर घास नहीं है, लेकिन नमी के कारण शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। यह पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रह है, लेकिन परिस्थितियां सीम और स्विंग दोनों के माकूल होंगी। ऐसे में भारत के मध्य क्रम को अहम भूमिका अदा करनी होगी।
वेस्टइंडीज की टीम में क्रिस गेल, निकोलस पूरन, हेटमायर, ब्रेथवेट जैसे बल्लेबाज हैं जो कमाल की बल्लेबाजी करते हैं और इन्हें काबू में करने के लिए टीम इंडिया के गेंदबाजों को खासी मेहनत करनी पड़ेगी। इनमें से गेल रन बनाने को बेताब हैं तो ब्रेथवेट ने पिछले मैच में शतक लगाकर साबिक किया था कि वो क्या कर सकते हैं। टीम में बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं जो भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं। शेल्डन कॉटरेल, ओशाने थॉमस, केमार रोच, एश्ले नर्स जैसे गेंदबाजों को खेलना टीम इंडिया के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। भारतीय टीम बेहद मजबूत है, लेकिन टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज यानी धौनी और केदार ने पिछले मैच में काफी धीमी पारी खेली थी और उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।