
वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल (Chris Gayle) की सोशल मीडिया पर एक तस्वीर ट्रोल हो रही है। इस तस्वीर पर जमकर उनका फैंस मजाक बना रहे हैं। दरअसल, आईसीसी ने क्रिस गेल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है कि अगर वह आज चल गए तो भारत मुश्किल में आ सकता है। आईसीसी की इस पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए फैंस ने क्रिस गेल के मजे ले लिए और तरह तरह के कमेंट और मीम्स शेयर कर रहे हैं। एक फैन ने आईसीसी को भारत विरोधी तक लिख दिया। 
इंग्लैंड के मैनचेस्टर स्थित ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में आज यानी बृहस्पतिवार को भारत के साथ वेस्टइंडीज का मुकाबला होना है। वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी वेस्टइंडीज वापसी के लिए हर हाल में यह मैच जीतना चाहेगी। वहीं, इस वर्ल्ड कप की अब तक अजेय टीम रही भारत इस मैच को जीतकर अपना अजेय अभियान जारी रखने और अंकतालिका में नंबर वन पर पहुंचने के लिए हर हाल में जीतने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में दोनों टीमों के धुरंधरों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है।