सावधान कोहली! यह खिलाड़ी बन सकते हैं ‘विराट’ चुनौती

टीम इंडिया का वर्ल्ड कप का छठा मुकाबला आज वेस्ट इंडीज के खिलाफ मैनचेस्टर में होना है। ऑस्ट्रेलिया के बाद भारतीय टीम भी इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी मजबूत करना चाहेगी। वहीं, दूसरी ओर वेस्ट इंडीज के सेमीफाइनल में जगह बनाना मुश्किल है लेकिन नामुमकिन भी नहीं। कैरिबियाई टीम को अपने सभी मैच जीतने होंगे और फिर बाकि टीमों के नतीजे पर भी निर्भर होना होगा।

इसमें कोई शक नहीं कि टीम इंडिया इस मैच में साफ तौर पर फेवरेट टीम है लेकिन वेस्ट इंडीज के पास भी ऐसी खिलाड़ी हैं जो पल भर में मैच पलट सकते हैं। तो आईए एक नजर डालते हैं उन खिलाड़ियों पर जो भारत को कड़ी चुनौती दे सकते हैं।

क्रिस गेल

क्रिस गेल दुनिया के ऐसे बल्लेबाज हैं जो सामने वाली टीम पर जबर्दस्त दबाव बनाकर अकेले दम पर मैच जीता सकते हैं। यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर गेल पर एक बार फिर वेस्ट इंडीज को जोरदार शुरुआत दिलाने का जिम्मा होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले मुकाबले में गेल ने 87 रनों की शानदार पारी इस बात का सबूत है कि वर्ल्ड कप में वह अपनी छाप छोड़े बिना नहीं जाएंगे। गेल टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, उन्होंने भारतीय गेंदबाजों का कई बार सामना किया है और आईपीएल की वजह से उनके खेल को अच्छी तरह जानते भी हैं। इसमें कोई शक नहीं कि क्रिस गेल वेस्ट इंडीज के सबसे अहम बल्लेबाज साबित होंगे।

जेसन होल्डर

कप्तान जेसन होल्डर एक गजब के ऑलराउंडर हैं जो गेंदबाजी के साथ अच्छे स्ट्राइक रेट से स्कोर बोर्ड पर रन भी जोड़ सकते हैं। हालांकि, इस टूर्नामेंट में होल्डर ने गेंद से कोई कमाल नहीं दिखाया है। उन्होंने 6 मैचों में सिर्फ 4 विकेट ही हासिल किए हैं जबकि बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 4 मैचों में 93 रन बनाए हैं। गेल की तरह होल्डर के पास भी भारत के खिलाफ खेलने का काफी अनुभव है।

शेल्डन कार्टेल

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शेल्डन कार्टेल ने अपनी बॉलिंग से सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। वह तेज गेंद के साथ अपनी बाउंसर से बल्लेबाज को चौंका सकते हैं। इसके अलावा वह निचले क्रम में आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सकते हैं। उन्होंने अभी तक खेले 20 वनडे मैचों में 26 विकेट लिए हैं। इस विश्व कप में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की है। वह अबतक खेले 6 मैचों में 5.75 की इकोनॉमी से 9 विकेट ले चुके हैं। वह वेस्टइंडीज की ओर से इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं। ऐसे में वह बल्लेबाजों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।

शिमरोन हेटमेयर

शिमरोन हेटमेयर अंडर-19 टीम के कप्तान रह चुके हैं जिसने वर्ल्ड कप में भारत की अंडर-19 को हाराया था। हेटमेयर ने भारत के लिए 2017 में डेब्यू किया था और वह अभी तक 26 वनडे खेल चुके हैं। उन्होंने इसमें 41.18 की औसत से चार शतक लगाए हैं। हेटमेयर मौजूदा टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 54 रनों की पारी खेल चुके हैं। जाहिर है टीम इंडिया की मजबूत गेंदबाजी के खिलाफ वह अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।

कार्लोस ब्रैथवेट

वेस्टइंडीज के पास ब्रैथवेट के रूप में एक गजब का ऑलराउंडर खिलाड़ी है। ब्रैथवेट एक शानदार गेंदबाज के साथ तूफानी बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। आंद्रे रसेल की गैरमौजूदगी में ब्रैथवेट टीम के लिए स्लॉग ओवर्स में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सकते हैं।