प्‍लास्टिक बैग में मिली नवजात बच्‍ची, अमेरिकी पुलिस ने नाम दिया- ‘इंडिया’

अमेरिका में जॉर्जिया प्रांत की पुलिस को प्‍लास्टिक बैग में एक नवजात बच्‍ची मिली है. पुलिस ने उस बच्‍ची का नाम ‘इंडिया’ रखा है और उसकी मां को खोजने के लिए अभियान शुरू किया है. इसके तहत पुलिस विभाग ने एक वीडियो शेयर किया है. उसमें लोगों से मदद की अपील की गई है और किसी भी तरह सूचना देने के लिए फोन नंबर उपलब्‍ध कराया गया है. साथ ही कहा गया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्‍त रखी जाएगी. पुलिस ने मंगलवार को यह वीडियो जारी किया गया है.

इसमें बताया गया है कि छह जून को एक राहगीर को सुनसान इलाके में बच्‍ची के रोने की आवाज सुनाई दी. उसने पुलिस को सूचना दी. वहां पर जब पुलिस अधिकारी पहुंचा तो उसके बॉडी में लगे कैमरे ने नवजात बच्‍ची के मिलने की पूरी घटना कैद की. उसके बाद पहले तो पुलिस ने खुद से बच्‍ची के परिजनों को खोजने की कोशिश की लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो इस मंगलवार को आम जनता के लिए वीडियो जारी किया है.

सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है. इस बारे में स्‍थानीय पुलिस का कहना है, ”इस बॉडी कैम फुटेज को इसलिए जारी किया जा रहा है जिससे विश्‍वसनीय सूचना मिल सके.”  इसमें ये भी कहा गया कि बच्‍ची पूरी तरह से स्‍वस्‍थ है.