न्‍यूजीलैंड के दिग्‍गज खिलाड़ी का ऐलान, वर्ल्‍ड कप ट्रॉफी साथ लेकर ही घर जाएंगे

न्‍यूजीलैंड के स्‍टार बल्‍लेबाज रॉस टेलर ने ऐलान किया है कि उनकी टीम पिछला वर्ल्‍ड कप हार गई थी, लेकिन इस बार वह यह ट्रॉफी हर हाल में अपने साथ ले जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि हम सही समय पर सही तरीके से खेल रहे हैं। यह वर्ल्‍ड कप जीतने का सबसे बड़ा दावेदार न्‍यूजीलैंड ही है।

इंग्‍लैंड में चल रहे वर्ल्‍ड कप के 12वें संस्‍करण में 26 जून बुधवार यानी आज न्‍यूजीलैंड और पाकिस्‍तान के बीच मुकाबला है। वर्ल्‍ड कप का यह 33वां मुकाबला बर्मिंघम के एजबस्‍टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस वर्ल्‍ड कप में एक भी मैच नहीं हारने वाली न्‍यूजीलैंड टीम के स्‍टार बल्‍लेबाज रॉस टेलर ने मैच से पहले कहा कि वह इस बार वर्ल्‍ड कप ट्रॉफी अपने साथ हर हाल में लेकर जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि पिछले वर्ल्‍ड कप के फाइनल मुकाबले में हम यह मौका पाने से चूक गए थे। टेलर ने कहा कि उनकी टीम सही समय पर सही तरीके से खेल रही है, जिसका फायदा उसे मिल रहा है।

वेस्‍टइंडीज के खिलाफ हुए रोमांचक मुकाबले को लेकर रॉस टेलर ने कहा कि हमने वेस्‍टइंडीज को अच्‍छा टारगेट दिया था। एक वक्‍त पर ऐसा लगा था कि कहीं मैच हमारे से निकल न जाए, लेकिन अंतिम ओवर में हमने वेस्‍टइंडीज का अंतिम विकेट लेकर मैच जीत लिया। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ल्‍ड कप खिताब को हासिल करने के लिए हमें हर हाल में विपक्षियों को हराना है और हम इस ओर ही आगे बढ़ रहे हैं।

बता दें कि रॉस टेलर न्‍यूजीलैंड टीम के लिए रीढ़ की तरह काम करते हैं। वह लंबे समय से देश के लिए खेल रहे हैं। वेस्‍इंडीज के खिलाफ रॉस टेलर ने शानदार 69 रन बनाए थे। इससे पहले अफगानिस्‍तान के साथ हुए मैच में वह 48 रन बनाकर आउट हो गए थे। जबकि बांग्‍लादेश के खिलाफ उन्‍होंने ताबड़तोड़ 82 रनों की पारी खेली थी। उन्‍हें उम्‍मीद है कि वह पाकिस्‍तान के खिलाफ होने वाले मैच में भी धुआंधार प्रदर्शन करेंगे।

बता दें कि इस वर्ल्‍ड कप में न्‍यूजीलैंड का सफर शानदार रहा है। वह अपने सभी 5 मैच जीतकर इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम रही है। न्‍यूजीलैंड का भारत के खिलाफ होने वाला एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो चुका है। अंकतालिका में वह 11 अंकों के साथ दूसरे स्‍थान पर काबिज है। इंग्‍लैंड को हराने वाली ऑस्‍ट्रेलिया इस अंकतालिका में सर्वाधिक 12 अंकों के साथ टॉप पर बरकरार है।