कबीर सिंह को जनता से ढेर सारा प्यार मिल रहा: बॉक्स ऑफिस

फिल्म अर्जुन रेड्डी ने एक्टर विजय देवराकोंडा को रातोंरात तेलुगू इंडस्ट्री का स्टार बना दिया था, और अब दो साल बाद बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर ने विजय के कदमों पर चलते हुए अर्जुन रेड्डी के हिंदी रीमेक कबीर सिंह में काम किया है. शाहिद कपूर की इस फिल्म को जनता से ढेर सारा प्यार मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की पहले दिन की कमाई भी बढ़िया हुई है. शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी स्टारर इस फिल्म को अपने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग मिली है. माना जा रहा है कि कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर 17 करोड़ रुपये की ओपनिंग की है. इस फिल्म को भारत में 3123 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है और आगे भी इसके अच्छी कमाई करने की उम्मीद की जा रही है. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक ये फिल्म शाहिद की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन सकती है. साथ ही ये साल 2019 की टॉप 5 सबसे बड़ी ओपनर फिल्मों की लिस्ट में भी अपना नाम दर्ज करवा सकती है.